माण्डल स्टेशन के पास रंगास्वामी घुमन्तु बस्ती को उजाड़ने से रोकने की मांग
भीलवाड़ा। माण्डल स्टेशन के पास रंगास्वामी घुमन्तु बस्ती के निवासियों की स्थिति को लेकर जन अधिकार समिति ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि करीब 50 परिवार पिछले 45-50 वर्षों से इस क्षेत्र में निवासरत हैं और यहीं खेती करके जीवन यापन कर रहे हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि स्थानीय महात्मा गांधी विद्यालय द्वारा इन परिवारों को नोटिस देकर उनकी सिंचित फसल बर्बाद कर दी गई। यह कदम गरीब किसानों के जीवन और आजीविका के लिए गंभीर संकट पैदा कर रहा है। समिति ने यह भी बताया कि परिवारों को विस्थापित करने की धमकी दी जा रही है, जिससे बस्ती में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
जन अधिकार समिति का कहना है कि राज्य सरकार की नीति के अनुसार घुमन्तु वर्गों को तब तक विस्थापित नहीं किया जा सकता जब तक उनके लिए वैकल्पिक आवास व्यवस्था न हो। समिति ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पर रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ जांच करने और इन परिवारों को राज्य की कल्याणकारी योजनाओं के तहत स्थायी राहत प्रदान करने की मांग की है। समिति ने आशा व्यक्त की है कि प्रशासन इस मामले में गरीब और निर्दोष परिवारों के साथ न्याय करेगा।
