विकसित कृषि संकल्प अभियान कल से

विकसित कृषि संकल्प अभियान कल से
X

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विकसित कृषि संकल्प अभियान कल 29 मई से प्रारंभ किया जा रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण मन्त्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित यह अभियान कृषि विज्ञान केन्द्र भीलवाड़ा एवं शाहपुरा, कृषि विभाग भीलवाड़ा एवं उद्यान विभाग भीलवाड़ा के संयुक्त तत्त्वावधान में भीलवाड़ा जिले में आयोजित होगा जो कि 12 जून तक चलेगा। अभियान के तहत् कल सुवाणा पंचायत समिति के रूपाहेली, हलेड़ एवं दांथल गाँवों में संवाद किया जायेगा। इस अभियान में गाँव एवं आस-पास के प्रगतिशील किसान, पुरस्कृत कृषक एवं कृषक महिलाएँ, नवाचारी किसान आदि भाग लेंगे। कृषि विज्ञान केन्द्र भीलवाड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सी. एम. यादव ने बताया कि अभियान में जिले के 90 गाँवों के लगभग 18000 कृषक एवं कृषक महिलाएँ भाग लेंगी जिनसे कृषि वैज्ञानिक सीधा संवाद करेंगे। डॉ. यादव ने बताया कि यह अभियान एक देश, एक कृषि, एक टीम की दिशा में सफल कदम होगा। अभियान में हर दिन तीन गाँवों में कार्यक्रम होंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य खेती को उन्नत बनाना, किसानों की आमदनी बढ़ाकर समृद्ध करना तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लेब टू लेण्ड के मन्त्र को साकार करना है। विनोद जैन, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार भीलवाड़ा ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान में कृषि के क्षेत्र में नवनीतम तकनीकी, वैज्ञानिक अनुसंधान और कृषि के क्षेत्र में नवाचारों को किसान के खेतों तक पहुँचाने पर जोर दिया जायेगा। यह अभियान न केवल खेती को तकनीकी रूप से उन्नत करेगा बल्कि किसानों के लिए खेती में आ रही समस्याओं के निदान के दरवाजे भी खोलेगा। डॉ. शंकर सिंह राठौड़, उपनिदेशक उद्यान, भीलवाड़ा ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को फसलों की नवीनतम किस्मों, उन्नत पशुपालन, बागवानी, उन्नत कृषि यन्त्रों की उपयोगिता, खरीफ फसलों की उन्नत तकनीकी, प्राकृतिक खेती, कृषक वैज्ञानिक संवाद, कृषि में मृदा स्वास्थ्य कार्ड का महत्त्व एवं उपयोग, सन्तुलित उर्वरकों का उपयोग, ड्रॉन तकनीकी, फसल बीमा, सुरक्षित अनाज भण्ड़ारण एवं विपणन के साथ ही केन्द्र और राज्य सरकार की कृषक हितार्थ योजनाओं से किसानों को लाभान्वित किया जायेगा तथा किसानों से फीडबैक भी लिया जायेगा। विकसित कृषि संकल्प अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में नियन्त्रण कक्ष की स्थापना भी की गई है। विकसित कृषि संकल्प अभियान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् नई दिल्ली के विभिन्न अनुसंधान संस्थान, राष्ट्रीय मृदा सर्वेक्षण एवं भूमि उपयोग नियोजन ब्यूरो भीलवाड़ा, केन्द्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान अविकानगर, कृषक उत्पादक संगठन, इफको, राजीविका एवं कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक और अधिकारी शामिल होंगे।

Next Story