ठाकुर जी संग खेली भक्तों ने होली, रंग-बिरंगी गुलाल से सराबोर हुआ फूलडोल महोत्सव

पुर उपनगर पुर में बुधवार को लक्ष्मी नारायण बड़ा मंदिर विकास समिति पुर के तत्वावधान में शीतला अष्टमी के उपलक्ष में फूलडोल महोत्सव एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मांगीलाल बिश्नोई एवं सचिव मुरलीधर दाधीच ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर में हवन-पूजन के पश्चात शाम 5 बजे ठाकुर जी के बेवान को रथ पर विराजित कर फूलडोल महोत्सव के तहत शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा की शुरुआत पटाखों की गूंज और बैंडबाजों के साथ हुई। भक्तगण गुलाल उड़ाते हुए नाचते-झूमते चल रहे थे। रथ के समक्ष पुर की भजन मंडली द्वारा भजन गाए गए, वहीं पुरुष और महिलाओं ने फूलों व गुलाल से होली खेलते हुए ठाकुर जी के समक्ष नाच-गाकर आनंद लिया।
आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा रात्रि 9 बजे राजकीय माध्यमिक बड़ी स्कूल पुर में पहुंचेगी, जहां नगर निगम के तत्वावधान में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रख्यात कलाकार पूरण गुजर, अर्जुन राणा, सुरेश गहलोत एवं उनके सहयोगी कलाकार आकर्षक नृत्य और झांकियां प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम से पूर्व लक्ष्मी नारायण बड़ा मंदिर विकास समिति पुर के अध्यक्ष मांगीलाल बिश्नोई एवं भेरूलाल गंधर्व का आयोजन समिति एवं ग्रामीणों द्वारा साफा व माला पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
इस अवसर पर पुर थाना अधिकारी कन्हैया लाल का भी साफा व माला पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही स्थानीय भजन गायक श्रवण प्रजापत का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। बड़ा मंदिर के कार्यक्रमों की सूचना आमजन तक पहुंचाने में सहयोग करने वाले संपादक भैरूलाल माली एवं संपादक राजकुमार गोयल का भी माला व दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर लादूलाल जाट,बाबूलाल गाडरी,चेतन चौबे,आसकरण जाट,महावीर तेली,चांदमल विश्नोई,दिनेश पालड़िया सहित मंदिर ट्रस्ट के सभी सदस्य एवं गांव के सम्मानीय लोग मौजूद रहे।
