अंतिम संस्कार को लेकर उपजा विवाद, तीन घंटे तक रखा रहा शव

भीलवाड़ा/शक्करगढ़ (हलचल)। शक्करगढ़ क्षेत्र की किशनगढ़ पंचायत के भीमपुरा गांव में शुक्रवार को उस समय तनाव व्याप्त हो गया, जब एक वृद्धा के अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान की भूमि को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। धापू देवी गुर्जर के निधन के बाद जब परिजन शव लेकर श्मशान पहुंचे, तो दूसरे पक्ष ने भूमि को निजी खाता संख्या में बताते हुए दाह संस्कार पर आपत्ति जताई।
विवाद इतना बढ़ गया कि अंतिम संस्कार रुक गया और करीब तीन घंटे तक शव मौके पर ही पड़ा रहा। ग्रामीणों का तर्क था कि पीढ़ियों से इसी स्थान पर दाह संस्कार किया जा रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे अपनी मिल्कियत बता रहा था। सूचना मिलते ही तहसीलदार रवि कुमार मीणा, नायब तहसीलदार बद्रीलाल मीणा और शक्करगढ़ थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासनिक सूझबूझ से थमा विवाद
तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच लंबी वार्ता की। समझाइश के बाद सहमति बनी और पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में विधि-विधान से वृद्धा का दाह संस्कार संपन्न करवाया गया। एएसआई दिनेश कुमार और हेड कांस्टेबल द्वारका प्रसाद ने मौके पर कानून व्यवस्था संभाले रखी।
नई श्मशान भूमि का होगा आवंटन
भविष्य में ऐसे विवादों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए तहसीलदार ने सख्त कदम उठाए हैं। उन्होंने नायब तहसीलदार व पटवारी को तत्काल गांव में उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित करने और श्मशान घाट के लिए विधिवत आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
