जिला प्रमुख बरजी बाई भील के कार्यकाल का अंतिम चरण, 10 दिन बाद खत्म होगा कार्यकाल

भीलवाड़ा । जिला परिषद में भाजपा के नेतृत्व वाले बोर्ड का कार्यकाल अब अंतिम दौर में है। जिला प्रमुख बरजी बाई भील का पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा होने में मात्र दस दिन शेष हैं। 8 दिसंबर 2020 को हुए चुनावों के बाद उन्होंने 10 दिसंबर को पदभार संभाला था। कार्यकाल समाप्ति के साथ ही जिला परिषद में प्रशासक नियुक्ति को लेकर चर्चाएं गर्म हैं, जबकि प्रदेश सरकार पंचायत और नगरीय निकायों के चुनाव एकसाथ कराने की तैयारियों में जुटी बताई जा रही है।
भाजपा का मजबूत आधार, उपचुनावों में भी बरकरार रही पकड़
37 सीटों वाले परिषद में भाजपा इस समय 24 सदस्यों के साथ बहुमत में है, जबकि कांग्रेस के पास 13 सदस्य हैं। कार्यकाल के दौरान दो उपचुनाव हुए, जिनमें भाजपा ने अपनी दोनों सीटें सुरक्षित रखीं। वार्ड 14 की शीला जाट और वार्ड 33 की सुनीता भील के निधन के बाद हुए चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों ने ही जीत दर्ज की। वर्तमान में वार्ड 14 से लादीदेवी जाट और वार्ड 33 से शंकरी देवी भील सदस्य हैं। कांग्रेस की कंकुदेवी भी वार्ड 7 से जीतीं, लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गईं, जिससे भाजपा की संख्या और मजबूत हो गई।
ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में भाजपा का उभार
स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक जिला प्रमुख का पद कांग्रेस के प्रभाव में रहा। 66 वर्षों में चुने गए 14 प्रमुखों में से आठ कांग्रेस से रहे, जबकि भाजपा को यह पद अब तक छह बार मिला है। वर्तमान प्रमुख बरजी बाई भील भाजपा की छठी और लगातार तीसरी प्रमुख हैं। भाजपा की शुरुआत 1995 में तब हुई जब डॉ. रतनलाल जाट पहले भाजपा जिला प्रमुख बने।
8 दिसंबर को खत्म होगा कार्यकाल, नई सियासी जमावट के संकेत
जिला परिषद का मौजूदा कार्यकाल 8 दिसंबर 2025 को पूरा हो रहा है। इसके साथ ही ‘गांवों की सरकार’ में नए नेतृत्व को लेकर राजनीतिक हलचल तेज़ होने के आसार हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में भी दिसंबर में अधिकांश जिला प्रमुखों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, ऐसे में व्यापक स्तर पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने की संभावना है।
जिला प्रमुखों का कार्यकाल : एक नज़र में इतिहास
1. रमेश चन्द्र व्यास — 02-10-1959 से 10-03-1961
2. शिव चरण माथुर — 11-03-1961 से 25-02-1965
3. यशवंत सिंह नाहर — 26-02-1965 से 08-08-1977
4. प्रशासक (जिला कलक्टर) — 09-08-1977 से 06-01-1982
5. हफीज मोहम्मद — 07-01-1982 से 10-07-1988
6. प्रशासक — 11-07-1988 से 19-07-1988
7. हफीज मोहम्मद — 20-07-1988 से 26-07-1991
8. प्रशासक — 27-07-1991 से 13-02-1995
9. डॉ. रतनलाल जाट — 13-02-1995 से 11-12-1998
10. रतन लाल भील — 12-12-1998 से 11-02-2000
11. कमला धाकड़ — 12-02-2000 से 09-02-2005
12. कन्हैयालाल धाकड़ — 10-02-2005 से 17-02-2010
13. सुशीला सालवी — 18-02-2010 से 07-02-2015
14. पीरचंद सिंघवी — 07-02-2015 से 11-08-2016
15. रामचंद्र सेन — 29-08-2016 से 02-12-2016
16. शक्ति सिंह हाड़ा — 02-12-2016 से 07-02-2020
17. प्रशासक — 08-02-2020 से 09-12-2020
18. बरजी बाई भील — 10-12-2020 से वर्तमान तक
