नाकाबंदी के दौरान मिनी-ट्रक में मिला डोडाचूरा, 2 गिरफ्तार

नाकाबंदी के दौरान मिनी-ट्रक में मिला डोडाचूरा, 2 गिरफ्तार
X

भीलवाड़ा । सदर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 42 किलो से ज्यादा डोडा चूरा बरामद किया है। तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल और 8 कारतूस भी मिले। पुलिस ने ड्राइवर और खलासी को गिरफ्तार कर मिनी ट्रक जब्त कर लिया है।

सदर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एटीएफ चौकी के एएसआई अयूब मोहम्मद को सूचना मिली कि सरस डेयरी के आगे जोधरास चौराहे के पास एक संदिग्ध मिनी ट्रक खड़ा है। ट्रक के पीछे तिरपाल लगी हुई है और उसमें अवैध मादक पदार्थ होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मिनी ट्रक की घेराबंदी की।

मिनी ट्रक में मौजूद ड्राइवर ने अपना नाम राजकुमार और खलासी ने महिपाल बताया। गाड़ी की तलाशी लेने पर ट्रक में पॉलिएस्टर फिल्म के रोल भरे मिले। इनके नीचे बने टूल बॉक्स में दो प्लास्टिक के कट्टे और केबिन में एक बॉक्स के नीचे एक और प्लास्टिक का कट्टा मिला। तीनों कट्टों की जांच करने पर उनमें कुल 42 किलो 160 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने खलासी की तलाशी ली तो उसकी गोद में रखे बैग से एक देशी पिस्टल, पांच कारतूस और एक मैगजीन में लगे तीन कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बरामद अवैध डोडा चूरा, देशी पिस्टल, 8 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों से डोडा चूरा तस्करी और अवैध हथियार रखने के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने राजकुमार (35) पिता सुमेर राम विश्नोई निवासी जोधपुर और महिपाल (23) पिता भागीरथ चौधरी निवासी जोधपुर को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में सदर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह, एएसआई अयूब मोहम्मद, कांस्टेबल राजाराम, नारायण, राधेलाल, सुरेश, कमल किशोर और राजूराम शामिल रहे।

Next Story