शाहपुरा के डॉ. तनय व्यास प्राणी विज्ञान में पीएचडी उपाधि से सम्मानित

शाहपुरा। डॉ. तनय व्यास को प्राणी विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए पीएचडी (विद्या वाचस्पति) की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय बांसवाड़ा में गुरुवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ. तनय व्यास का शोध कार्य "माही बजाज सागर की मत्स्य प्राणीजातीय विविधता तथा सरोवर विज्ञान का अध्ययन" पर केंद्रित रहा। यह शोध कार्य उन्होंने अपने मार्गदर्शक डॉ. सुरेंद्र मोहन राय के निर्देशन में पूरा किया। उनके शोध से प्राणी विज्ञान और मत्स्य जैव विविधता के क्षेत्र में नए शोध आयाम विकसित होने की संभावना है।
डॉ. व्यास ने अपनी एमएससी की डिग्री मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय उदयपुर से प्राप्त की थी। विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्यपाल ने डॉ. व्यास के शोध कार्य की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान बताया। इस उपाधि से डॉ. व्यास के शोध प्रयासों को नई पहचान मिली है और यह क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्राणी विज्ञान अनुसंधान को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।
