मांडल में नाली विवाद ने लिया उग्र रूप, दो समुदायों के बीच लाठी-भाटा जंग; कई घायल

भीलवाड़ा (सोनिया सागर)। जिले के मांडल कस्बे में गुरुवार को एक मामूली नाली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। कस्बे के मोचियों की मस्जिद क्षेत्र स्थित खारोल मोहल्ले में दो समुदायों के बीच जमकर लाठियां और पत्थर चले, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस हिंसक झड़प में कई महिला-पुरुषों के घायल होने के समाचार हैं।
विवाद की जड़: सात दिन पुराना पत्थर का मामला
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत करीब सात दिन पहले हुई थी। मोहल्ले में एक नाली पर रखे पत्थर को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि गन्ने के जूस के ठेले (जुगाड़) की दीवार से पत्थर टच होने की बात पर उपजा यह तनाव उस समय तो शांत हो गया था, लेकिन अंदरूनी रंजिश बरकरार रही।
सुबह होते ही रणक्षेत्र बना मोहल्ला
वही पुराना विवाद गुरुवार सुबह अचानक फिर गहरा गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गलियों में जमकर पत्थरबाजी हुई। बीच-बचाव करने आईं महिलाएं भी इस हमले की चपेट में आकर चोटिल हो गई हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस तैनात
इस पूरी घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर हमला करते साफ नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही मांडल पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन ने कस्बेवासियों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
