भीलवाड़ा में स्वतंत्रता दिवस पर भी ड्राई डे की धज्जियां, खुलेआम बिकी शराब

भीलवाड़ा में स्वतंत्रता दिवस पर भी ड्राई डे की धज्जियां, खुलेआम बिकी शराब

भीलवाड़ा। देशभर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर जहां शराब बिक्री पर रोक (ड्राई डे) लागू रहती है, वहीं भीलवाड़ा में इस कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। शहर के कई शराब ठेकों और होटलों पर दिनभर धड़ल्ले से शराब बेची जाती रही, लेकिन किसी जिम्मेदार अधिकारी ने कार्रवाई करने की कोशिश तक नहीं की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजमेर रोड, पांसल चौराहा, लक्ष्मीपुरा बाईपास समेत कई इलाकों में ठेकों और होटलों पर शराब बेची जा रही थी। रोक के बावजूद हो रही इस बिक्री की सूचना आबकारी विभाग को दी गई, लेकिन विभागीय टीम मौके पर नहीं पहुंची और न ही कोई छापेमारी की गई।

लोगों में नाराजगी

शहरवासियों का कहना है कि आजादी के दिन लागू ड्राई डे सिर्फ कागजों में रह गया है। प्रशासन और आबकारी विभाग की चुप्पी से यह संदेश जा रहा है कि नियम तोड़ने वालों को कार्रवाई का डर नहीं है। कई लोग चर्चा करते रहे कि कुछ आर्थिक लाभ के लिए अधिकारी देश के कानून को नज़रअंदाज़ कर रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है।

कानून के खिलाफ कारोबार

ड्राई डे पर शराब बिक्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह सरकार की मंशा और स्वतंत्रता दिवस के महत्व के विपरीत है। इसके बावजूद, भीलवाड़ा में यह कारोबार खुलेआम चलता रहा।

कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेका संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ड्राई डे पर ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।

Next Story