मोड़ का निंबाहेड़ा में ईद-उल-फितर की धूम: भाईचारे और अमन-चैन के लिए उठीं दुआएं

मोड़ का निंबाहेड़ा (भीलवाड़ा)। कस्बे में शनिवार को ईद-उल-फितर का पवित्र पर्व बेहद हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सुबह आसींद रोड स्थित ईदगाह पहुंचकर सामूहिक नमाज अदा की। खुदा की बारगाह में सिर झुकाते हुए अकीदतमंदों ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और निरंतर तरक्की की विशेष दुआएं मांगी।
नमाज मुकम्मल होने के बाद ईदगाह के बाहर गले मिलने और मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हुआ, जिसने भाईचारे की मिसाल पेश की। इस मौके पर कस्बे के विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों पर पुष्प वर्षा की और उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। नमाज के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाप्ता पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। पूरे कस्बे में दिन भर उत्सव का माहौल रहा और लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सवैयां और मिठाइयों के साथ खुशियां बांटीं।
