पुर में हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई ईद

भीलवाड़ा - उपनगर पुर में सोमवार को ईद-उल-फितर का त्योहार अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम बस्तियों में उत्सव का माहौल रहा, जहां समाज के लोगों ने नए वस्त्र धारण कर और इत्र महकाकर खुशियां बांटीं।
सुबह अंजुमन स्कूल और खेल मोहल्ला क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में ईद को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सुबह करीब 8 बजे समाज के लोग जुलूस की शक्ल में ईद के तराने गुनगुनाते हुए ईदगाह के लिए रवाना हुए। रास्ते भर आपसी मोहब्बत और एकता का नजारा देखने को मिला।
ईदगाह में सुबह 9 बजे इमाम युनुस अंसारी ने ईद की विशेष नमाज़ अदा कराई खुतबे के बाद सामूहिक दुआ का आयोजन हुआ, जिसमें देश में अमन, शांति, आपसी सौहार्द और तरक्की की विशेष कामना की गई। नमाज़ के बाद सभी ने एक-दूसरे के गले लगकर ’ईद मुबारक’ कहा और खुशियों का इजहार किया।
अंजुमन कमेटी के सदर जनाब रमज़ान मोहम्मद शोरगर ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा ’’ईद का त्योहार हमें प्रेम और त्याग की सीख देता है। हमें समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सौहार्द को सदैव बनाए रखना चाहिए। मिल-जुलकर रहना ही हमारी असली ताकत है।’’
