विद्युत विभाग ने मनाया 'लाइनमैन दिवस', सुरक्षा की ली शपथ, चौधरी सम्मानित

भीलवाड़ा। अजमेर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता (पवस-द्वितीय) बापूनगर कार्यालय में 'लाइनमैन दिवस' हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी तकनीकी कर्मचारियों को विद्युत लाइनों पर कार्य के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा संबंधी सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही, सुरक्षा संबंधी वीडियो और छायाचित्रों के माध्यम से सुरक्षित कार्य प्रणाली का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में लाइनमैनों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने समां बांध दिया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में, निगम में अपनी उत्कृष्ट और समर्पित सेवाओं के लिए तकनीशियन-प्रथम मुकेश चौधरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
