महात्मा गांधी चिकित्सालय में तीन महीने से न मिलने वाली सैलरी को लेकर कर्मचारी संगठनों ने खोला मोर्चा

भीलवाड़ा। शहर के प्रमुख महात्मा गांधी चिकित्सालय में कार्यरत नर्सिंग, पैरामेडिकल और अन्य विभागों के कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है। इस गंभीर समस्या को लेकर कर्मचारी संगठनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक फरीद मोहम्मद रंगरेज एवं शहर अध्यक्ष लाल सिंह राठौर की अगुवाई में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ को सौंपे पत्र में बताया गया कि वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों की स्थिति दयनीय हो गई है। कर्मचारियों को अपने घर का राशन, दूध, सब्जी और मकान की किस्तें चुकाने के लिए ब्याज पर पैसा उधार लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि समय पर वेतन न देना श्रम कानूनों का सीधा उल्लंघन है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द त्वरित कार्रवाई नहीं की गई और बकाया वेतन जारी नहीं हुआ, तो कर्मचारी मजबूरन कानूनी रास्ता अपनाएंगे। संगठन ने साफ शब्दों में कहा कि यदि आगामी दिनों में कोई विरोध प्रदर्शन या कानूनी प्रक्रिया शुरू होती है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी चिकित्सा विभाग और अस्पताल प्रशासन की होगी।
इस दौरान सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सुनील पोरवाल, सिराज खान, राजेश जोशी, रेहान अंसारी, हितेश लखारा, रामजस चौधरी, पंकज राठी और अन्य कई कर्मचारी उपस्थित थे।
