औद्योगिक विकास की नीतियों का लाभ उठाएं उद्यमी- सांसद

भीलवाड़ा, । राजस्थान दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा गुरुवार को भीलवाड़ा में सीएसआर एवं एमएसएमई जागरूकता कार्यशाला का आयोजन होटल हरिविलास, पुर रोड में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में सांसद दामोदर अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा देवठिया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने संबोधन में सीएसआर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सीएसआर के माध्यम से सामाजिक विकास एवं क्षेत्रीय उन्नति को गति दी जा सकती है। उन्होंने उद्योगों से आह्वान किया कि वे समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, विरासत संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में सीएसआर के माध्यम से सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भारतीय नववर्ष चैत्र प्रतिपदा को राजस्थान दिवस के रूप में मनाए जाने की पहल की सराहना करते हुए राज्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक नीतियो ओडीओपी, रिप्स, निर्यात प्रोत्साहन, विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना एवं युवा स्वरोजगार योजना का उल्लेख किया।
उन्होंने उद्यमियों एवं युवाओं से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर जिले के औद्योगिक विकास में भागीदारी निभाने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया।
जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त आयुक्त एवं महाप्रबंधक के.के. मीणा ने औद्योगिक विकास की नीतियों एवं रोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सीएसआर केवल दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति उद्योगों की जिम्मेदारी है, जिसके माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए जा सकते हैं। जिला उद्योग केंद्र के वाणिज्य अधिकारी चरण दास बेरवा ने राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी।
कार्यक्रम में विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना, एमएसएमई पॉलिसी 2024, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना 2024, राजस्थान एक्सपोर्ट प्रमोशन स्कीम 2024, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना 2022 योजनाओं एवं नीतियों पर प्रकाश डाला गया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रतिभा देवठिया ने उद्यमियों से औद्योगिक नीतियों का लाभ लेने एवं सीएसआर के माध्यम से जिले के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने उन औद्योगिक इकाइयों की सराहना की, जिन्होंने सीएसआर के तहत जिले में विकास कार्यों में योगदान दिया है।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों एवं प्रतिभागियों ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमियों को नवीन नीतियों एवं योजनाओं से अवगत कराना तथा उद्योगों को प्रोत्साहित करना रहा।
मेवाड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के मानद महासचिव आर.के. जैन ने उद्यमियों की भूमिका एवं शासन के साथ समन्वय पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी दीपक धनेतवाल, अधीक्षण अभियंता (वाटरसेड) रामराज मीणा, भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के सचिव प्रेमस्वरूप गर्ग, लघु उद्योग भारती के संरक्षक अजय मुंद्रा, सीए एसोसिएशन के प्रतिनिधि आलोक सोमानी सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, जिंदल सॉ लिमिटेड, बीएसएल लिमिटेड, आरएसडब्ल्यूएम, संगम इंडिया लिमिटेड, मार्डन थ्रेड्स, रंजन पॉलिस्टर, आरसीएम, मोडकोर क्लॉथिंग, ममता एग्रो फूड प्रोडक्ट के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारीगण, सीएसआर इकाइयों के प्रतिनिधि, सीए, सीएस एवं टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्य एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा उपस्थित आगंतुकों को विभिन्न योजनाओं के ब्रोशर एवं जानकारी किट वितरित की गई।
