मारुति नगर के वार्ड 55 में बदहाली की इंतहा, सड़कों पर फैला गंदा पानी, प्रशासन की चुप्पी से आक्रोशित क्षेत्रवासी
भीलवाड़ा । नगर परिषद के वार्ड नंबर 55 स्थित मारुति नगर में मूलभूत सुविधाओं के अभाव ने विकराल रूप धारण कर लिया है, जिससे आमजन का जीना दूभर हो गया है। क्षेत्रवासियों का सीधा आरोप है कि पिछले कई महीनों से न तो नई नालियों का निर्माण हुआ है और न ही पुरानी नालियों की सुध ली गई है। आलम यह है कि समूचे क्षेत्र में गंदगी का अंबार और भीषण बदबू का साम्राज्य फैल चुका है, जिससे बस्ती में सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय निवासियों ने भारी आक्रोश जताते हुए कहा कि नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं, जिसके कारण नालियों का गंदा और जहरीला पानी अब मुख्य सड़कों पर दरिया बनकर बह रहा है। इससे न केवल राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी हो रही है, बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी यह किसी सजा से कम नहीं है। ठहरे हुए गंदे पानी में पनप रहे मच्छरों के कारण क्षेत्र में डेंगू और मलेरिया जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है।
अनेक बार दिए ज्ञापन, फिर भी प्रशासन मौन
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे इस नरक जैसी समस्या के समाधान के लिए जिला कलेक्ट्री और नगर परिषद प्रशासन को कई बार लिखित में गुहार लगा चुके हैं और ज्ञापन सौंप चुके हैं। विडंबना यह है कि प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है और अधिकारियों की इस घोर अनदेखी ने स्थानीय जनता के सब्र का बांध तोड़ दिया है।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
वार्ड के प्रबुद्ध जनों और युवाओं ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अविलंब नालियों की सफाई और नई नालियों का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन और कलेक्ट्रेट का घेराव करने को मजबूर होंगे। फिलहाल, गंदगी के ढेर और जलभराव की इस गंभीर समस्या ने मारुति नगर के बाशिंदों की रातों की नींद और दिन का चैन छीन लिया है।
