खेत में पानी की मोटर चालू करते समय करंट लगने से किसान की मौत

भीलवाड़ा (पुनीत जैन)। सदर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा गांव में खेत में फसलों की पिलाई करने गए एक किसान की पानी की मोटर चालू करते समय करंट लगने से मौत हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सदर थाना पुलिस ने बताया कि गोविंदपुरा निवासी बद्रीलाल पिता रामचन्द्र बैरवा उम्र 37 वर्ष रविवार रात्रि को अपने खेत में फसलों की पिलाई करने गया था। इसी दौरान जब वह पानी की मोटर चालू कर रहा था, तब अचानक करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत हो गया। खेत पर मौजूद परिजन उसे तुरंत निजी साधनों से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सोमवार को सदर थाना पुलिस जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। इस अचानक हुए हादसे से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
