कपास परियोजना के तहत करोई में किसान मेला, 350 किसानों ने लिया भाग

भीलवाड़ा। जिले के ग्राम करोई स्थित सांवरिया बालाजी मंदिर परिसर में सीआईटीआई-सीडीआरए कपास पायलट प्रोजेक्ट के तहत किसान मेले का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 350 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहाड़ा विधायक लाडू लाल पितलिया रहे, जबकि पूर्व मंत्री कालू लाल गुर्जर, सीसीआई के डीजीएम प्रदीप मेहरा, केवीके भीलवाड़ा के प्रमुख डॉ. सी.एम. यादव एवं डीएफआरएस के डॉ. एल.के. छाटा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न बीज कंपनियों के प्रतिनिधि एवं धर्ती धन एग्रोटेक के अशोक शर्मा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रोजेक्ट ऑफिसर भारत कुमार शर्मा ने कपास परियोजना की जानकारी दी। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. जी.एस. अमेटा ने कपास की गुणवत्ता सुधार और कस्तूरी कॉटन के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. सी.एम. यादव ने पशुपालन और डॉ. एल.के. छाटा ने कपास में कीट एवं रोग प्रबंधन के बारे में किसानों को जानकारी दी।
मुख्य अतिथि पितलिया ने किसानों के हित में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया, जबकि कालू लाल गुर्जर ने कस्तूरी कॉटन से जुड़ने का आह्वान किया। प्रदीप मेहरा ने कपास के भाव और बाजार व्यवस्था पर जानकारी साझा की।
मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 महिला किसानों को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 10 किसानों को पुरस्कृत किया गया और एक स्टॉल को बेस्ट स्टॉल अवार्ड दिया गया।
अंत में किसानों और अतिथियों के लिए चाय-नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. जी.एस. अमेटा, भारत कुमार शर्मा एवं गोविंद पराशर का विशेष योगदान रहा।
