2027 तक किसानों को दिन में मिलेगी सिंचाई बिजली, ऊर्जा तंत्र हो रहा मजबूत: नागर

2027 तक किसानों को दिन में मिलेगी सिंचाई बिजली, ऊर्जा तंत्र हो रहा मजबूत: नागर
X

भीलवाड़ा। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक प्रदेश के किसानों को सिंचाई के लिए रात के बजाय दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के इस संकल्प को हर हाल में पूरा किया जाएगा। यह बात राज्य के ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने जहाजपुर क्षेत्र की गुढ़ा ग्राम पंचायत में 33/11 केवी ग्रिड सब स्टेशन के लोकार्पण के बाद कही।

नागर ने बताया कि वर्तमान में राज्य के 22 जिलों में किसानों को दिन के समय दो ब्लॉकों में कुल छह घंटे बिजली दी जा रही है। इसका उद्देश्य यह है कि किसानों को सर्द रातों में खेतों में जाकर सिंचाई न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों को अधिकतर रात में ही बिजली मिलती थी, जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य के विद्युत तंत्र को बड़े स्तर पर सुदृढ़ किया जा रहा है। सरकार के सत्ता में आने से पहले प्रदेश में बार-बार बिजली गुल होने की समस्या आम थी, लेकिन बीते दो वर्षों में बिजली तंत्र और वितरण व्यवस्था को मजबूत किया गया है। आज प्रदेश में बिना किसी बड़े व्यवधान के बिजली आपूर्ति की जा रही है।

उन्होंने बताया कि ऊर्जा उत्पादन संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ नए संसाधनों को भी जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं ऊर्जा क्षेत्र की प्रगति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं। भीलवाड़ा जिले में भी लगभग 133 करोड़ रुपए की लागत से आरडीएसएस परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। नए ग्रिड सब स्टेशन बनाए जा रहे हैं और जहां लाइनों पर अधिक भार है, वहां उन्हें अलग-अलग किया जा रहा है।

नागर ने यह भी बताया कि घरेलू और कृषि फीडरों को अलग किया जा रहा है। इससे कृषि फीडर से किसानों को कृषि कार्यों के लिए छह घंटे सिंगल फेज बिजली दी जा सकेगी, जबकि घरेलू फीडर से उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिलती रहेगी। पहले दोनों फीडर एक होने के कारण घरेलू उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती थी।

ऊर्जा मंत्री ने दावा किया कि ऊर्जा क्षेत्र में लगातार किए जा रहे सुधार और बेहतर प्रबंधन का ही परिणाम है कि आज उपभोक्ताओं को भरोसेमंद और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

Tags

Next Story