खेत में बिजली के ट्रांसफार्मर में लगी आग, टला बड़ा हादसा

भीलवाड़ा। आसींद थाना क्षेत्र के चित्तौड़िया गांव में शनिवार को एक खेत में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे पास खड़ी गेहूं की लहलहाती फसल जलने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, चित्तौड़िया निवासी पुखराज गुर्जर के खेत में लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग की लपटें उठने लगीं। धुंआ और आग देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना आसींद नगर पालिका की दमकल को भी दी।
खेत मालिक पुखराज गुर्जर ने बताया कि उनके खेत में करीब 10 बीघा में गेहूं की फसल बोई हुई थी। उन्होंने दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चित्तौड़िया गांव आसींद से मात्र 4 किलोमीटर दूर होने के बावजूद दमकल को पहुंचने में करीब दो घंटे लग गए। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता और बाद में दमकल के पहुंचने से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया, जिससे फसल सुरक्षित रही।
