1 मई से प्रदेश में जनगणना-2027 का पहला चरण, स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध

चित्तौड़गढ़ । देश में विश्व के सबसे बड़े जनगणना अभियान जनगणना-2027 की शुरुआत 1 अप्रैल 2026 से हो चुकी है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल एवं पेपरलेस होगी, जिसमें पहली बार स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी दी गई है। माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने स्व-गणना कर अभियान की शुरुआत की।

राजस्थान में जनगणना का प्रथम चरण 1 मई 2026 से प्रारंभ होगा। इसके तहत 1 मई से 15 मई तक नागरिक स्व-गणना कर सकेंगे, जबकि 16 मई से 14 जून तक फील्ड कार्य किया जाएगा।

स्व-गणना हेतु नागरिक

https://census.gov.in पर जाकर Self-Enumeration का चयन कर राज्य चुनकर, कैप्चा भरकर एवं OTP के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं। पोर्टल पर परिवार से संबंधित 33 प्रश्नों की जानकारी भरने के बाद स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है और जनगणना अधिकारी को प्रदर्शित करना होगा।

यह जनगणना डेटा संग्रह एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) तथा मकान सूचीकरण ब्लॉक सृजन (HLBC) पोर्टल के माध्यम से संपन्न की जाएगी।

जिले में जनगणना-2027 की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिले में कुल 19 जनगणना चार्ज स्थापित किए गए हैं, जिनमें 12 तहसील एवं 7 नगरीय चार्ज शामिल हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण सम्पन्न हो चुका है।

जिले में 60 फील्ड ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं, जिनका प्रशिक्षण 15 अप्रैल 2026 से चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा। साथ ही, ग्राम/नगर रजिस्टर निर्माण, HLB सृजन, फ्रीजिंग एवं पर्यवेक्षी सर्कल निर्माण सहित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।

राज्य स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 7 से 10 अप्रैल 2026 तक जयपुर स्थित हरिश्चन्द्र माथुर राजस्थान लोक प्रशासन संस्थान में आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात 15 अप्रैल से जिले में फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

Next Story