आस्था का सैलाब: भीलवाड़ा में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया दशा माता पर्व

भीलवाड़ा। शहर के तिलक नगर, दादाबाड़ी और नेहरू विहार क्षेत्र की महिलाओं ने शुक्रवार को श्री दशा माता के पावन पर्व पर अटूट श्रद्धा के साथ अखंड व्रत रखा। इस अवसर पर तेली समाज नोहरे में बड़ी संख्या में एकत्रित होकर महिलाओं ने माता रानी की सामूहिक पूजा-अर्चना की और विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए।
गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक, सुना माता का इतिहास
पूजन के दौरान महिलाओं ने माता रानी के श्रीचरणों में गंगाजल और पंचामृत अर्पित किया। इसके पश्चात विभिन्न प्रकार के पकवानों और मिठाइयों का भोग लगाया गया। अखंड दीप प्रज्वलित कर मंत्रोच्चार के साथ पूजा-पाठ किया गया। इस दौरान माता रानी के इतिहास और कथा का वाचन किया गया, जिसे सुनकर महिलाओं ने अपने परिवार और क्षेत्र में सुख, समृद्धि और नई प्रगति की कामना की।
गले में धारण की बेल, ढोल की थाप पर हुआ नृत्य
पूजा के पश्चात महिलाओं ने माता रानी के पवित्र धागे (बेल) को धूप दिखाकर श्रद्धापूर्वक गले में धारण किया और चरणाअमृत ग्रहण किया। इस अवसर पर नोहरे में ढोल की थाप पर महिलाओं ने माता रानी के मंगल गीत गाए और जमकर नृत्य किया। महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे इस अखंड व्रत के दौरान कोई फलाहार नहीं लेंगी और दोपहर 3:00 बजे के बाद ही व्रत खोलेंगी।
इनकी रही उपस्थिति
धार्मिक आयोजन में समाज सेविका रेखा खोईवाल, मीना चावला, मोनिका चंदेल, तेली समाज जिला प्रवक्ता आशा तेली, संजना देवी डीडवानिया, सीमा देवी, माया देवी, सरोज देवी, गीता देवी डीडवानिया, गीता देवी, मिट्ठू देवी तेली, रोशन, शोभा, टोना, पूजा तेली, पारस देवी, सरिता गुप्ता सहित समाज की अनेक महिलाओं ने माता रानी को चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद ग्रहण किया।
