पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शुचिता पर जताई पीड़ा, श्रद्धांजलि और संवेदना के साथ दिग्विजय सिंह का भीलवाड़ा दौरा
भीलवाड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य दिग्विजय सिंह एक दिवसीय निजी दौरे पर भीलवाड़ा पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद थीं। पथिक नगर स्थित सुशीला देवी माथुर कॉलेज में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं असम के पूर्व राज्यपाल शिवचरण माथुर की जन्म शताब्दी पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पत्रकारों से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने वर्तमान राजनीति में शुचिता के सवाल पर कहा कि संसद से लेकर सड़क तक नैतिकता का क्षरण हो रहा है, जो चिंता का विषय है। केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह लंबी चर्चा का विषय है और इस पर फिर कभी विस्तार से बात करेंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट भी उनके साथ रहे।
इसके बाद वे शाहपुरा पहुंचे और राजघराने से जुड़े शत्रुंजय सिंह के चार माह पूर्व हुए निधन पर परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। आगे वे बनेड़ा जाएंगे, जहां राजपरिवार की ओर से उनका अभिनंदन किया जाएगा। शाम को वे भीलवाड़ा लौटकर रात्रि 11:10 बजे जयपुर-भोपाल ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना होंगे।
शिवचरण माथुर की जन्म शताब्दी पर महिला आश्रम कॉलेज में पुष्पांजलि समारोह
पथिक नगर स्थित सुशीला देवी माथुर कॉलेज महिला आश्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं असम के पूर्व राज्यपाल स्व. शिवचरण माथुर की जन्म शताब्दी के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य दिग्विजय सिंह ने शिरकत की। उनके पहुंचने पर महिला आश्रम संस्था की सचिव वंदना माथुर सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
दिग्विजय सिंह ने शिवचरण माथुर तथा संस्था की पूर्व अध्यक्ष एवं स्वतंत्रता सेनानी सुशीला देवी माथुर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिवचरण माथुर के सौवें जन्मदिवस पर यहां आकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि माणिक्य लाल वर्मा द्वारा वर्ष 1944 में शुरू की गई इस संस्था का निरंतर विकास हुआ और आज यहां डिग्री कॉलेज स्थापित है। यहां छात्राओं का प्रवेश केजी से होता है और वे पीजी तक शिक्षा प्राप्त कर निकलती हैं। शिक्षा को उन्होंने वरदान बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए शिवचरण माथुर ने राजस्थान में अनेक योजनाएं लागू कीं, जिन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैलाश व्यास, अक्षय त्रिपाठी, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हगामीलाल मेवाड़ा, पूर्व सभापति मधु जाजू, मंजू पोखरना, सुमित्रा कांटिया, महेश सोनी, चेतन डीडवानियां, आशीष राजस्थला सहित संस्था पदाधिकारी, स्टाफ और अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
