भारतीय नववर्ष के उपलक्ष्य में मानसिक दिव्यांग बच्चों को फल वितरित

भीलवाड़ा। भारतीय नववर्ष के पावन अवसर पर शहर में सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की गई। मंच के वार्षिक कार्यक्रमानुसार, राजीव गांधी रिंग रोड स्थित सोना मनोविकास केंद्र में मानसिक दिव्यांग बच्चों (बाल-गोपालों) के बीच फल वितरण का सेवा कार्य आयोजित किया गया।
यह आयोजन मंच अध्यक्ष कैलाश चन्द्र तिवारी एवं सचिव रूप चन्द पहाड़िया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के अध्यक्ष प्रेमचन्द जैन ने पधारे हुए सभी सदस्यों का स्वागत किया और संस्था के उद्देश्यों के साथ-साथ वहां अध्ययनरत विशेष बच्चों की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।
मंच अध्यक्ष कैलाश चन्द्र तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि सोना मनोविकास केंद्र द्वारा मानसिक रूप से अक्षम बच्चों की जो सेवा की जा रही है, वह वास्तव में अविस्मरणीय है। उन्होंने संस्था के अध्यक्ष प्रेमचन्द जैन और समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। तिवारी ने मंच द्वारा वर्षभर किए जाने वाले 9 प्रमुख सेवा कार्यों का भी विवरण दिया, जिनमें गायों के लिए चारा, प्याऊ संचालन, परिंडा वितरण, तुलसी पौधा वितरण, शीतकाल में बच्चों को जर्सी वितरण और वृद्धाश्रम में सेवा कार्य शामिल हैं।
इस सेवा कार्य के दौरान मंच कोषाध्यक्ष अनिल कुमार बंग, बुद्धि प्रकाश उपाध्याय, सुरेश राव, गुमान चन्द जैन, सुधाकर शर्मा, जगदीश चन्द्र माली तथा मीडिया प्रभारी चन्द्र प्रकाश अमरवाल उपस्थित रहे। संस्थान की ओर से शिक्षक भैरूलाल मीणा, मनवीर मीणा, सीमा साहनी, दुर्गेश शर्मा एवं किशन गोपाल माली ने सहयोग किया।
