सवाई भोज मंदिर में थिरके गैरिए, महंत से लिया आशीर्वाद
आसींद। गुर्जर समाज के अंतरराष्ट्रीय तीर्थ स्थल श्री सवाई भोज भगवान देवनारायण मंदिर प्रांगण में आज होली के उपलक्ष्य में भव्य गैर नृत्य का आयोजन किया गया। इस दौरान समूचा मंदिर परिसर लोक संस्कृति के रंगों और भक्ति के उल्लास में सराबोर नजर आया।
परंपरागत वाद्य यंत्रों, बिगुल और ढोल की गूंजती थाप पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक गैर नृत्य किया। हाथों में डंडे लिए गैरियों ने घेरा बनाकर पारंपरिक शैली में नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। होली के इस पावन अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी।
इस विशेष मौके पर श्रद्धालुओं ने सवाई भोज मंदिर के महंत श्री श्री 1008 सुरेश दास महाराज के दर्शन किए। लोगों ने महंत को गुलाल अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया और होली की शुभकामनाएं दीं। महंत ने भी सभी को सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे का आशीर्वाद प्रदान किया।
