गेंदलिया: अन्नपूर्णा माता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य फूलडोल महोत्सव व भजन संध्या संपन्न

गेंदलिया (सत्यनारायण शर्मा)। कस्बे की पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध अन्नपूर्णा माता मंदिर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर अष्टमी के दिन भव्य फूलडोल महोत्सव का आयोजन किया गया। गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में विशाल भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन के दौरान माता रानी के दरबार में भक्तों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।
भजनों की सरिता में डूबे श्रद्धालु
फूलडोल महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस भजन संध्या में मेवाड़ के विख्यात कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकार श्रवण सेंदरी ने गणपति वंदना के साथ कार्यक्रम का आगाज किया। इसके पश्चात उन्होंने अन्नपूर्णा माता, सिंगोली श्याम और सांवरिया सेठ के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पांडाल भक्तिमय हो गया।
भोर तक जमी रही महफिल
प्रसिद्ध गायक गोकुल शर्मा एंड पार्टी (डोराई, बेंगू) और हेमलता वैष्णव ने भी अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। गोकुल शर्मा द्वारा प्रस्तुत भजन 'सांवरिया सेठ देदे थारे भरियोडा भण्डार टोटो ना पड़े रे' और 'मारा सांवरिया सिरमौर थारा बन्द दरवाजा खोल' पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए। महिला नृत्यांगनाओं के शानदार नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। यह भजन संध्या अलसुबह तक चलती रही।
छप्पन भोग का लगा प्रसाद
महोत्सव के दौरान अन्नपूर्णा माता को विशेष छप्पन भोग धराया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व सरपंच रमेशचंद्र शर्मा द्वारा किया गया। इस भव्य आयोजन में गेंदलिया सहित आसपास के गांवों जैसे भाकलिया, रेण, अमरतिया, बडला, दान्थल, जित्या, रेणवास, आमा और महेशपुरा से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। सभी ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और भजन संध्या का आनंद लिया।
