मांडल थाने के बाहर चले लात-घूंसे भदाली खेड़ा में उत्पात के बाद गैंगवार, ग्रामीणों ने आरोपियों को दबोचा

मांडल (भीलवाड़ा)। मांडल थाना क्षेत्र के भदाली खेड़ा गांव में सोमवार देर शाम उत्पात मचाने पहुंचे युवकों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने गांव में हंगामा किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कुछ आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब आधा दर्जन से अधिक युवक बाइकों पर सवार होकर गांव में पहुंचे। उनके हाथों में पाइप और तलवार जैसे धारदार हथियार बताए जा रहे हैं। गांव में पहुंचते ही उन्होंने गाली-गलौज और धमकाने की कोशिश की, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
हंगामे की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकजुट हो गए और आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें लेकर मांडल थाने पहुंचे। इसी दौरान थाने के बाहर जमा भीड़ में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते लात-घूंसे चलने तक पहुंच गई। गैंगवार की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। दोनों पक्षों ने फिलहाल थाने में मामला दर्ज नहीं करवाया है।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
