फूले जयंती पर उमड़ा जनसैलाब: 13 महिलाओं सहित 136 ने किया रक्तदान, निकाली भव्य वाहन रैली

गंगापुर। माली समाज गंगापुर द्वारा महात्मा ज्योतिबा फूले की जयंती के अवसर पर शनिवार को मालियान धर्मशाला में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य में समाज के युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में 13 महिलाओं सहित कुल 136 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। सभी रक्तदाताओं को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिविर में एकत्रित रक्त का संग्रह महात्मा गांधी चिकित्सालय भीलवाड़ा एवं भीलवाड़ा ब्लड बैंक की टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक लादूलाल पितलिया, विधायक प्रत्याशी राजेन्द्र त्रिवेदी, पूर्व पीसीसी सदस्य चेतन प्रकाश डीडवानिया, श्याम लाल पुरोहित एवं नारायण लाल उपाध्याय सहित अन्य अतिथियों ने शिरकत की। वक्ताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है, इसकी वास्तविक महत्ता वही समझ सकता है जिसका कोई अपना जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा हो।” उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फूले के शिक्षित बनने, संगठित रहने और संघर्ष करने के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
शिविर का शुभारंभ अध्यक्ष नंदकिशोर गहलोत, उपाध्यक्ष भैरूलाल माली, सचिव कैलाश चंद्र टांक, वित्त सचिव रामप्रसाद माली एवं प्रभारी प्रभुलाल माली सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा महात्मा फूले की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान मोतीलाल गहलोत, छोटू लाल माली, राजेन्द्र माली, धर्मेन्द्र माली, मनीष इंदोरा, राहुल देव माली, भावेश सैनी, जगदीश गहलोत, हंसराज माली, सुभाष पंवार, गोपाल मारोठिया, सांवर माली सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर के पश्चात नगर में भव्य वाहन रैली निकाली गई, जो मुख्य मार्गों से होते हुए ज्योतिबा फूले सर्कल पहुंची। वहां महात्मा फूले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। रैली का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
