महिलाओं को एफएसटीपी के फायदों की दी जानकारी, स्वच्छता अपनाने का दिया संदेश

महिलाओं को एफएसटीपी के फायदों की दी जानकारी, स्वच्छता अपनाने का दिया संदेश
X

गंगापुर (मुकेश गुर्जर) । राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई द्वारा बुधवार को वार्ड संख्या 2 स्थित बलाई मोहल्ला में महिलाओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से क्षेत्र की महिलाओं को स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को प्रेरित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखकर ही बीमारियों को दूर रखा जा सकता है। उन्होंने नालियों में कचरा न डालने और घर के बाहर जलभराव न होने देने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, खाद्य सुरक्षा के तहत भोजन को हमेशा ढंककर रखने की सलाह दी गई, ताकि मच्छर और मक्खियों के माध्यम से होने वाले संक्रमण से बचा जा सके। शिविर में मलेरिया, डायरिया और निमोनिया जैसी मौसमी बीमारियों के लक्षणों व उनके बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

एफएसटीपी से पर्यावरण संरक्षण: सहायक सामाजिक विकास एवं जेंडर सपोर्ट अधिकारी रेखा खटीक ने महिलाओं को 'फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट' (एफएसटीपी) की कार्यप्रणाली के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को टैंकरों के जरिए रायपुर रोड, नेहरू नगर स्थित एफएसटीपी प्लांट तक ले जाया जाएगा। वहां वैज्ञानिक विधि से इसका उपचार कर इसे जैविक खाद में बदला जाएगा, जिसका उपयोग खेती में किया जा सकेगा। इस प्रक्रिया से न केवल गंदगी का स्थायी समाधान होगा, बल्कि पर्यावरण भी प्रदूषित होने से बचेगा।

Tags

Next Story