महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े व विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को दिया सनातन मंगल महोत्सव का निमंत्रण, आयोजन होगा ऐतिहासिक

भीलवाड़ा (मूलचन्द पेसवानी) । हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर, भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने जयपुर प्रवास के दौरान राजस्थान के महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें भीलवाड़ा में आयोजित होने वाले भव्य सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह में पधारने का आत्मीय एवं आध्यात्मिक निमंत्रण प्रदान किया।

स्वामी हंसराम उदासीन ने बताया कि 19 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाला यह सनातन मंगल महोत्सव धर्म, अध्यात्म और संस्कृति का विराट संगम होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सनातन धर्म की शाश्वत परंपराओं के संरक्षण, साधना पथ के संवर्धन तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना के जागरण का सशक्त माध्यम बनेगा। महोत्सव में भक्ति, सेवा, संस्कार और साधना का अद्भुत समन्वय देखने को मिलेगा।

महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने स्वामी हंसराम उदासीन का आत्मीय स्वागत करते हुए इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की तथा महोत्सव की सफलता हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक दृष्टि को सुदृढ़ता मिलती है।

उल्लेखनीय है कि महोत्सव के दौरान आश्रम के तीन ब्रह्मचारियों को दीक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे सनातन धर्म की साधना परंपरा को नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त होगी। इस अवसर पर देश-विदेश से संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों की सहभागिता रहेगी।

इस अवसर पर स्वामी ईश्वर दास उदासी, सोनू उदासी, आश्रम के ब्रह्मचारी कुनाल, लघु उद्योग भारती के प्रदेश संयुक्त महामंत्री रविन्द्र कुमार जाजू तथा वाल्मीकि समाज के पदाधिकारी छीतर मल गैंगट सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Tags

Next Story