काशीपुरी धाम में फाल्गुन महोत्सव का भव्य आगाज, 427 यूनिट रक्तदान के साथ उमड़ा श्याम प्रेमियों का सैलाब

काशीपुरी धाम में फाल्गुन महोत्सव का भव्य आगाज, 427 यूनिट रक्तदान के साथ उमड़ा श्याम प्रेमियों का सैलाब
X

भीलवाड़ा। काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में फाल्गुन महोत्सव का शुभारंभ एक विशाल और प्रेरणादायक रक्तदान शिविर के साथ हुआ। भक्ति और सेवा के इस अनूठे संगम में कुल 427 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो बाबा श्याम के प्रति भक्तों के अटूट विश्वास और सेवा भाव को दर्शाता है।

दीप प्रज्वलन और शुभारंभ

शिविर का विधिवत शुभारंभ जिंदल सॉ लिमिटेड के एच.आर. एवं एडमिन हेड डॉ. एस.बी. सिन्हा एवं रोहित जोशी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान युवाओं, महिलाओं और पहली बार रक्तदान करने वाले श्याम प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

इन ब्लड बैंकों का रहा विशेष सहयोग

रक्त संग्रहण के पुनीत कार्य में चार प्रमुख टीमों ने अपनी सेवाएं दीं:

अरिहंत चिकित्सालय: 250 यूनिट

भीलवाड़ा ब्लड बैंक: 100 यूनिट

महात्मा गांधी चिकित्सालय: 54 यूनिट

कोटड़ी श्याम ब्लड बैंक: 23 यूनिट

विधायक अशोक कोठारी ने बढ़ाया उत्साह

विधायक अशोक कोठारी ने शिविर स्थल का अवलोकन कर रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस दौरान संदीप मोटर्स के डायरेक्टर श्रीगोपाल राठी, मोहित भीमसरिया, जगदीश अग्रवाल, रामनारायण लड्ढा, हीराराम शर्मा और कैलाश सहित कई गणमान्य जन मौजूद रहे।

खाटू धाम की तर्ज पर सजा काशीपुरी धाम

समिति अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने बताया कि इस वर्ष काशीपुरी धाम में व्यवस्थाएं प्रसिद्ध खाटू धाम की तर्ज पर की गई हैं। मंदिर में भव्य सजावट, आकर्षक दरबार और अखंड ज्योत के साथ सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था की गई है।

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा:

26 फरवरी: अखंड ज्योत पाठ।

27 फरवरी: प्रातः भव्य निशान यात्रा, दोपहर में छप्पन भोग व संकीर्तन और शाम को विशाल भजन संध्या।

28 फरवरी: प्रातः कीर्तन एवं महाआरती के साथ महोत्सव का समापन।

Next Story