नौगांवा सांवरिया सेठ मंदिर में अमावस्या का भव्य मेला: दुग्धाभिषेक और छप्पन भोग से महकी भक्ति की बयार

नौगांवा सांवरिया सेठ मंदिर में अमावस्या का भव्य मेला: दुग्धाभिषेक और छप्पन भोग से महकी भक्ति की बयार
X



भीलवाड़ा । श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट की ओर से अमावस्या के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक मेले का आयोजन किया गया। सांवरिया सेठ के जयकारों और भक्तिमय भजनों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा नौगांवा क्षेत्र "सांवरिया मय" हो गया। मंदिर ट्रस्ट के मनीष बहेडिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत अलसुबह भगवान सांवरिया सेठ के भव्य दुग्धाभिषेक के साथ हुई। इस पवित्र अनुष्ठान के मुख्य यजमान शिव कुमार जागेटिया एवं प्रहलादराय, रामबाबु अग्रवाल रहे। वैदिक मंत्रोचार के बीच ठाकुर जी का केसर मिश्रित दूध से अभिषेक किया गया, जिसके दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे। मेले का मुख्य आकर्षण रायला के सुप्रसिद्ध गुंजन साउंड के सानिध्य में आयोजित भजन संध्या रही। गायक कलाकार सादास ने जब अपनी सुरीली आवाज में सांवरिया सेठ के मधुर भजन छेड़े, तो पांडाल में मौजूद अपार भक्त समूह खुद को रोक नहीं पाया।सांवरिया गिरधारी, थारी महिमा सबसे न्यारी..." और "दीवानी मैं तो दीवानी, सांवरिया की दीवानी..." जैसे भजनों पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया। संगीत और कीर्तन के इस संगम ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। अमावस्या के इस विशेष अवसर पर सांवरिया सेठ को छप्पन भोग का भव्य अन्नकूट धराया गया। विभिन्न प्रकार के व्यंजनों और पकवानों से सजी झांकी देखते ही बन रही थी। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित जनसमूह ने एक साथ आरती गाकर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस धार्मिक महोत्सव में भंवर दरगड़, संदीप चोरड़िया, मयंक तोमर, गिरिराज काबरा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों और क्षेत्रीय भक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई ।अमावस्या पर उमड़ने वाली यह भीड़ भक्तों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। सांवरिया सेठ के दरबार में जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा से आता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। मंदिर परिसर में शिव मंदिर का निर्माण कार्य भी जोरो पर है।

Next Story