माहेश्वरी युवा संगठन का फाग उत्सव, भजन सम्राट सुनील गंधर्व ने बांधा समां

भीलवाड़ा।होली के पावन अवसर पर माहेश्वरी युवा संगठन चंद्रशेखर आजाद नगर द्वारा फूलों की सुगंध और भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य फाग उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगबिरंगे फूलों और फाग गीतों के साथ पर्व का आनंद लिया।
अध्यक्ष अंकित सोमानी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में भजन सम्राट श्री सुनील गंधर्व ने राधा-कृष्ण के मधुर भजनों एवं पारंपरिक फाग गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके सुरों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर महिला संगठन द्वारा राधा-कृष्ण की सजीव झांकी सजाई गई, जिसने सभी का मन मोह लिया। फूलों की वर्षा के बीच भक्तों ने एक-दूसरे को धुलेंडी की शुभकामनाएं दीं और प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया।
मंत्री शुभम सोमानी ने बताया कि इस आयोजन में माहेश्वरी सेवा समिति का विशेष सहयोग रहा, जिसके कारण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
कार्यक्रम में अशोक नौलखा, मितेश सोडाणी, राहुल सोमानी, अनिल जेथलिया, अभिषेक जागेटिया, शुभम तोषनीवाल,रामनिवास समदानी, कृष्ण गोपाल सोमानी, दिनेश हेडा, रामकिशन सोनी, श्यामसुंदर सोमानी, चंदा जागेटिया, ललिता राठी सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने सामूहिक रूप से फाग गीतों के साथ धुलेंडी का पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के वातावरण में मनाया।
