श्री बाबा धाम में फागोत्सव, फूलों की होली खेलने उमड़ा जनसमूह, कल होगा होलिका दहन

भीलवाड़ा | शहर के प्रसिद्ध श्री बाबा धाम मंदिर में रविवार को फागोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां हजारों की संख्या में उमड़े जनसमूह ने केवल फूलों के साथ होली खेलकर पर्व का आनंद लिया। मंदिर परिसर में गुलाल और रासायनिक रंगों का प्रयोग पूरी तरह वर्जित रहा।
भजनों की स्वर लहरियों पर थिरके भक्त
दोपहर 3 बजे से शुरू हुए इस उत्सव में सुप्रसिद्ध भजन गायक दिनेश काबरा, सविता काबरा और उनकी टीम ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। "रंग मत डाल रे सांवरिया", "फाग खेलने आए श्याम" और "आज बिरज में होली रे रसिया" जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नाचने लगे। मंदिर प्रबंधन की ओर से भक्तों के लिए निःशुल्क गुलाब के फूल और पंखुड़ियों की व्यवस्था की गई थी।
आकर्षण का केंद्र रही राधा-कृष्ण की झांकी
महोत्सव के दौरान राधा-कृष्ण की सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें भावना जैन ने राधा और अंकिता जैन ने कृष्ण का स्वरूप धरा। सैकड़ों भक्तों ने फूलों की वर्षा कर भगवान के इस स्वरूप के साथ होली खेली। पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल नजर आया।
आज होगा होलिका दहन, नि:शुल्क मिलेगी पूजन सामग्री
श्री बाबा धाम पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सोमवार, 2 मार्च 2026 को सायं 8 बजे होलिका दहन किया जाएगा। मंदिर के सामने गोबर के कंडों (थापड़ी) से बनी विशेष होली का दहन मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ होगा। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं को पीली सरसों, गूगल, कपूर और लौंग निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिसे होलिका में अर्पित करने से रोग और दोष दूर होने की मान्यता है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
