देवरिया में बाबा साहब की प्रतिमा का भव्य अनावरण: सामाजिक समरसता की दिखी अनूठी मिसाल

रायपुर (हलचल)। रायपुर ब्लॉक के देवरिया ग्राम में आज संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और सर्व समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शिरकत कर सामाजिक एकता का संदेश दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल थे, जबकि अध्यक्षता प्यारेलाल खोईवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बरजी देवी, बालू राम जाट, रूपलाल जाट, मोतीलाल सिंघानिया, पूनम नाथ सपेरा, रणदीप त्रिवेदी, ज्ञानमल खटीक और रामेश्वर लाल छिपा सहित कई गणमान्य लोग मंच पर उपस्थित रहे। स्थानीय नेतृत्व में खाखरमाला सरपंच मांगीलाल गुर्जर, नाहरी सरपंच रघुवीर सिंह चुंडावत, मोखुंदा सरपंच मदनलाल रेगर, गलवा सरपंच सुरेश सालवी और पूर्व सरपंच गोपाल सोनी ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
संविधान ने दी सबको समानता: सांसद अग्रवाल
मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने बाबा साहब के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि अंबेडकर जी ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाकर देश को मजबूती प्रदान की। उन्होंने उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया।
एकता का प्रतीक बना देवरिया
अध्यक्षता कर रहे प्यारेलाल खोईवाल ने संगठन की शक्ति पर जोर दिया। वहीं एडवोकेट पूनम नाथ सपेरा ने देवरिया ग्राम की सराहना करते हुए कहा कि सर्व समाज का इस आयोजन में साथ आना पूरे देश के लिए भाईचारे का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने जातिगत भेदभाव मिटाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
