ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, करंट की चपेट में आने से दो भाइयों की मौत

भीलवाड़ा। प्रदेश में सक्रिय हुए नए मौसमी तंत्र के कारण गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। सुबह से ही बीकानेर, जालोर, श्रीगंगानगर, बाड़मेर, जैसलमेर और राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। शेखावाटी क्षेत्र के सीकर शहर में लगातार दूसरे दिन प्रकृति का कड़ा रुख देखने को मिला, जहां करीब 30 सेकंड तक ओले गिरे।भीलवाड़ा में सुबह सुबह आसमान में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चली।
फसलों पर कुदरत की मार
बेमौसम हुई इस बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में जीरा और ईसबगोल की पकी हुई फसलों को भारी नुकसान पहुंचने के समाचार हैं। कृषि विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसलों के खराबे का आकलन करने में जुट गई हैं, ताकि नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
जैसलमेर में दर्दनाक हादसा
मौसम की इस तबाही के बीच जैसलमेर के सागड़ थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। बुधवार रात तेज हवाओं और मौसम के चलते एक हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। सुबह अपने खेत की ओर जा रहे बाइक सवार दो सगे भाई इस टूटकर गिरी लाइन की चपेट में आ गए। हाई वोल्टेज करंट लगने से दोनों भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना का पता गुरुवार सुबह 10 बजे चला, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
