अधजली होली बनी आफत: सब्जी मंडी में रास्ता जाम, निगम बेपरवाह, लोगों में भारी आक्रोश

भीलवाड़ा। शहर की सब्जी मंडी चौक में होली दहन के बाद छोड़ी गई कांटेदार झाड़ियों और अधजली लकड़ियों के कारण पूरा क्षेत्र अस्त-व्यस्त हो गया है। त्योहारी सीजन में बाजार में आने-जाने वाले आमजनों और सब्जी विक्रेताओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर स्थानीय जमादार और सफाई कर्मियों को कई बार सूचित किया गया, लेकिन उनकी ओर से केवल टालमटोल की जा रही है और अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।
प्रशासन और सफाई व्यवस्था की इस अनदेखी से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि हिंदू शास्त्रों के अनुसार होलिका दहन पूर्ण रूप से होना चाहिए। अधजली होली का सड़क पर लावारिस पड़े रहना हिंदू आस्था का अपमान माना जाता है।
निवासियों ने आयोजन समिति के सदस्यों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दहन के तुरंत बाद अवशेषों को पवित्रता के साथ तालाब या कुएं में विसर्जित किया जाना चाहिए, तभी यह कार्य संस्कृति के अनुसार शुभ माना जाता है। इसके साथ ही नागरिकों ने यह मांग भी उठाई है कि भविष्य में ऐसे किसी भी आयोजन से पहले नगर निगम से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य किया जाए, अन्यथा नियमों के अभाव में कार्यक्रम को स्थगित किया जाए।
