हमीरगढ़ में 22 जनवरी को विराट हिंदू सम्मेलन, शोभायात्रा, धर्मसभा और भोजन प्रसादी होगी


हमीरगढ़ (राजाराम वैष्णव) नगरपालिका हमीरगढ़ क्षेत्र के नृसिंह वाटिका में 22 जनवरी को विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हिन्दू जागरण को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से हो रहा है। क्षेत्र में इसे लेकर उत्साह का माहौल है और ग्रामीण स्तर पर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सम्मेलन में कई संतो का सान्निध्य प्राप्त होगा। आयोजकों के अनुसार, संतों के प्रवचनों से समाज में धार्मिक चेतना, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: 11 बजे एक भव्य शोभायात्रा से होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद दोपहर 2 बजे धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। शाम 4 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ होगा, जिसके उपरांत सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। मंडल के पदाधिकारी आसपास के गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। सर्व हिन्दू समाज के नागरिकों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है, और विभिन्न कार्यकर्ताओं को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजकों का मानना है कि यह विराट सम्मेलन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरण और धार्मिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Next Story