ओज्याडा स्कूल में वार्षिकोत्सव मनाया,मेधावी छात्रों के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) |क्षेत्र के ओज्याडा गांव के सरकारी सीनियर स्कूल में इस सत्र के अंतर्गत कक्षा 12 वीं का विदाई समारोह एवं वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से की गई।संस्थाप्रधान डॉ.भागचंद सोमानी ने अतिथियों का माल्यार्पण व उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया।कार्यक्रम में कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा लघु नाटिका,विदाई गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए गए जिन्हें उपस्थितजनों ने सराहा।मुख्य अतिथि विवेक सक्सेना,प्रधानाचार्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरडोद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जो व्यक्ति कठिन परिश्रम की तपिश से गुजरता है,वही निखरकर सोना बनता है।उन्होंने बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।विशिष्ट अतिथि बरड़ोद सीनियर स्कूल के प्रधानाचार्य सतीश टेलर ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने और अपनी मंजिल स्वयं तय करने की प्रेरणा दी।वहीं विशिष्ट अतिथि तख्तपुरा सीनियर स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार पीपाड़ा ने छात्रों को नए-नए कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए एक प्रेरक घटना के माध्यम से अपने विचार साझा किए।अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भीलवाड़ा के आर्थिक सहयोग से विद्यालय के कक्षा 1 से 12 तक के 16 उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं एवं 6 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में प्रथम सहायक दिव्य स्मृति ने छात्राओं को स्वयं को कमजोर न मानते हुए हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया।अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्था प्रधान एवं शिक्षा सचिव अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब भीलवाड़ा डॉ.भागचंद सोमानी ने विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति करने,विशिष्ट कार्य करने तथा लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संकल्प दिलाया।अंत में सभी छात्र-छात्राओं को गुड़ व धनिया खिलाकर मंगल कामनाएं व्यक्त की गईं।कार्यक्रम में ओमप्रकाश सुथार,बृजलाल मीणा,सत्यनारायण गुर्जर,मोनिका यादव,भंवरलाल जोशी,महावीर सोनी,जूही सोनी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन रेखा हेडा ने किया।
