बसों का ठहराव नहीं,45 दिन में भी नहीं मिल रही गैस,वोटर लिस्ट पर भी उठे सवाल,एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) कांग्रेस संगठन के सृजनात्मक कार्यक्रम के तहत हमीरगढ़ में बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बड़ी संख्या में पहुंचकर उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल को ज्ञापन सौंपा।कार्यकर्ताओं ने परिवहन,गैस आपूर्ति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की।नगर कांग्रेस अध्यक्ष परशुराम दाधीच,कांग्रेस जिला महामंत्री आजाद नीलगर ने बताया कि रायपुर–सहाड़ा विधानसभा का सबसे बड़ा कस्बा हमीरगढ़ इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। करीब 25 हजार की आबादी और लगभग 10 हजार मतदाताओं वाले इस कस्बे में आमजन को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।कस्बे से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-48 के बावजूद यहां पिछले कई वर्षों से रोडवेज बसों का नियमित संचालन नहीं हो रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बसें हाईवे पर बने बस स्टॉप पर भी सर्विस लाइन में नहीं आतीं,जिससे यात्रियों को चढ़ने-उतरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वहीं रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था भी चरमराई हुई है।जहां शहरों में 20-25 दिनों में गैस सिलेंडर मिल जाता है,वहीं हमीरगढ़ में उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।इससे खासकर महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।इसके अलावा नगरीय निकाय चुनाव को लेकर जारी वार्डवार वोटर लिस्ट पर भी सवाल खड़े किए गए।आरोप है कि सूची परिसीमन के अनुसार तैयार नहीं की गई।बल्कि बिना भौतिक सत्यापन के ही कार्यालय में तैयार कर दी गई।नागरिकों ने वोटर लिस्ट का पुनः सत्यापन कराने की मांग की है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर आमजन को राहत प्रदान की जाए।इस दौरान ओम व्यास,मनोज चौरसिया,विनोद गोलेछा,दुर्गालाल नायक,राजू आचार्य,जगदीश खटीक,जाकिर हुसैन बिसायती,डॉ.जिलानी रिजवी,लोकेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
