हमीरगढ़ में प्रथम मुस्लिम प्रीमियर लीग का भव्य समापन,दीवाना इलेवन पुर बनी चैंपियन

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)
कस्बे के मौज मंगरी मैदान में गुरुवार को प्रथम मुस्लिम प्रीमियर लीग(एमपीएल)का भव्य समापन हुआ।पांच दिवसीय इस क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में दीवाना इलेवन पुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अल्फी इलेवन भीलवाड़ा को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।टूर्नामेंट के समापन अवसर पर खिलाड़ियों,आयोजकों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।फाइनल मैच में अल्फी इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए।टीम की ओर से बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ खेल का प्रदर्शन किया।जवाब में दीवाना इलेवन की टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी और बेहतरीन टीमवर्क के दम पर 11 वें ओवर में ही 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।अंतिम गेंद पर चौका लगाकर जीत दर्ज करने के साथ ही दीवाना इलेवन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।टूर्नामेंट में विजेता टीम दीवाना इलेवन पुर को 31 हजार 100 रुपए नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता अल्फी इलेवन भीलवाड़ा को 16 हजार 100 रुपए नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिकंदर कुरैशी(भीलवाड़ा)को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।समापन समारोह में एसडीपीआई जिला अध्यक्ष इकबाल हुसैन,एसडीपीआई पार्षद नाथूलाल,जाकिर हुसैन,शब्बीर हुसैन कुरैशी,एडवोकेट इमरान नीलगर,कांग्रेस नगर अध्यक्ष हमीरगढ़ एडवोकेट परशुराम दादीच,विधानसभा युवा अध्यक्ष जफर मीर सहित समाज के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की।सभी अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया गया।आयोजन समिति की ओर से निर्णायक मनीष घावरी,कपिल घावरी,विष्णु सोलंकी,रवि सोलंकी,करण सोलंकी सहित सहयोगियों के योगदान की विशेष सराहना की गई।इस प्रतियोगिता में करीब 10 टीमों के 115 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।समारोह के दौरान मुस्लिम प्रीमियर लीग के द्वितीय टूर्नामेंट को गाड़रमाला में आयोजित करने की घोषणा की गई।आयोजन कमेटी के सदस्यों शौकत बिसायती,रज्जाक नीलगर,जाकिर हुसैन,हकीम बिसायती,रमजान बिसायती,दानिश पठान,सोयब और अरमान ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया।साथ ही मुस्लिम प्रीमियर लीग द्वितीय टूर्नामेंट गाड़रमाला में आयोजित करवाने की घोषणा की गईl
