नगर पालिका की लापरवाही: हमीरगढ़ कस्बे की सड़कें अंधेरे में डूबी, 11 लाख का बिल बकाया

नगर पालिका की लापरवाही: हमीरगढ़ कस्बे की सड़कें अंधेरे में डूबी, 11 लाख का बिल बकाया
X

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) |हमीरगढ़ कस्बे में नगर पालिका की लापरवाही के चलते बुधवार देर शाम से आमजन को अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है।विद्युत विभाग ने बकाया बिल जमा नहीं होने पर नगर पालिका हमीरगढ़ के रोड लाइट कनेक्शन काट दिए,जिससे रात होते ही कस्बे के कई हिस्से अंधेरे में डूब गए।जानकारी के अनुसार हमीरगढ़ में रोड लाइट के 3-4 बिजली कनेक्शन सहायक अभियंता हवा सिंह के निर्देशन में काटे गए।विभागीय सूत्रों के मुताबिक नगर पालिका पर करीब 11 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है।इसी के चलते उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) महावीर प्रसाद ने बताया कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर मजबूरन कनेक्शन विच्छेद करना पड़ा। हालांकि कस्बे में चल रहे पंच दिवसीय धार्मिक आयोजन को देखते हुए एक कनेक्शन को अस्थायी रूप से पुनः जोड़ दिया गया है, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

रोड लाइट बंद होने से मुख्य बाजार सहित कई गलियों में अंधेरा छा गया है, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने शीघ्र ही समस्या का समाधान कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

Next Story