नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के सम्मान में हैंड होल्डिंग प्रोग्राम व नेटवर्क समिट आयोजित

नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के सम्मान में हैंड होल्डिंग प्रोग्राम व नेटवर्क समिट आयोजित
X



भीलवाड़ा, : दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की भीलवाड़ा शाखा द्वारा “हैंड होल्डिंग प्रोग्राम एवं नेटवर्क समिट” का आयोजन आईसीएआई भवन, पटेल नगर, भीलवाड़ा में नए पास हुए चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के सम्मान में किया गया।

दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया द्वारा जनवरी 2026 में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा का परिणाम 1 मार्च 2026 को घोषित किया गया, जिसमें भीलवाड़ा शाखा के कई विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की। इस अवसर पर शाखा द्वारा नव-निर्मित चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

शाखा अध्यक्ष सीए दिनेश सुथार ने बताया कि सफल विद्यार्थियों को उनके समर्पण और परिश्रम के लिए बधाई देते हुए शाखा द्वारा स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि यह सफलता सभी विद्यार्थियों के अथक प्रयास और दृढ़ संकल्प का प्रतिफल है, जिससे पूरी शाखा गौरवान्वित हुई है। उन्होंने आगे कहा कि “सीए बनने की यात्रा चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन यह न केवल एक बेहतरीन प्रोफेशनल बल्कि एक सशक्त व्यक्तित्व का निर्माण भी करती है।”

सीए सुथार ने सभी नए बने चार्टर्ड एकाउंटेंट्स से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, सीखते रहने और अपने पेशे में उत्कृष्टता व ईमानदारी बनाए रखने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीए वी के सोडानी ने कहा कि सीए बनने के बाद किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक सोच और समस्याओ की समाधान के लिए अग्रसर होने का दृष्टिकोण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड एकाउंटेंट के रूप में नई पीढ़ी को तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और वैश्विक वित्तीय मानकों को अपनाते हुए अपने प्रोफेशन को नई दिशा देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जीवन में परीक्षाओ को केवल अंको के नज़रिए से नहीं देखना चाहिए बल्कि हमने कितना ज्ञान अर्जित किया उसके आकलन के नज़रिए से देखना चाहिए |

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयकर विभाग के पूर्व सह आयुक्त सुरेन्द्र आगाल ने कहा कि “सफलता की वास्तविक परिभाषा तब पूरी होती है जब आप समाज और देश के विकास में योगदान देते हैं। जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास ही व्यक्ति को शीर्ष पर पहुँचाते हैं।“

शाखा सचिव सीए पुलकित राठी ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम नव-निर्मित चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं, क्योंकि ये उन्हें प्रैक्टिस, जॉब, बिज़नेस और स्टार्टअप्स से संबंधित अवसरों की जानकारी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी नए बने सीए अपने पेशे में दक्षता के साथ-साथ नैतिकता और ईमानदारी को भी प्राथमिकता दें तथा निरंतर सीखने के लिए प्रेरित रहें। उन्होंने नवोदित सीए सदस्यों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सिकासा अध्यक्ष सीए अशोक बोहरा ने बताया कि भीलवाड़ा के लिए ये गौरव का विषय है की इस बार भी ऑल इंडिया 45 रैंक पर बिगोद (भीलवाडा) के आयुष पगारिया ने स्थान प्राप्त किया। उन्होंने ये भी बताया की जनवरी 2026 में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा में कुल 288 विद्यार्थियों ने भाग लिया जिसमें से 21 विद्यार्थियों ने बोथ ग्रुप तथा 36 विद्यार्थियों ने प्रथम ग्रुप और 6 विद्यार्थियों ने द्वितीय ग्रुप में सफलता हासिल की। हमेशा की तरह इस बार भी भीलवाड़ा का परिणाम आल इंडिया की तुलना में बेहतर रहा |

शाखा उपाध्यक्ष सीए सत्यनारायण लाठी ने कहा कि यह “हैंड होल्डिंग प्रोग्राम” नए सीए सदस्यों के लिए एक सशक्त मंच है, जहाँ उन्हें सीनियर प्रोफेशनल्स से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे संस्थान से जुड़े रहें और अपने ज्ञान एवं अनुभव को समाज के हित में प्रयोग करें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सेंट्रल इंडिया रीजनल कौंसिल के सचिव सीए निर्भीक गांधी ने अपने वक्तव्य में बताया कि चार्टर्ड एकाउंटेंट्स आज देश की आर्थिक सशक्तता के प्रमुख स्तंभ हैं। उन्होंने नए सीए सदस्यों को देश की अर्थव्यवस्था के विकास में योगदान देने, सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और प्रोफेशन की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “चार्टर्ड एकाउंटेंट का कार्य केवल लेखा और ऑडिट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के आर्थिक सुधार और सुशासन में अहम भूमिका निभाता है।”

सीए पुनीत कुमार मेहता ने बताया की कार्यक्रम के दौरान शाखा द्वारा सभी नए चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को स्मृति चिन्ह प्रदान कर एवं मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन एवं सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों, सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने नवोदित सीए सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में शाखा के सीए आलोक सोमानी, कोषाध्यक्ष सीए अक्षय सोडानी, सीए दिनेश आगाल, सीए बलवीर डागलिया, सीए सीमा तोषनीवाल, सीए मयंक सुराना सहित लगभग 100 से अधिक विद्यार्थी एवं अभिभावक गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Next Story