आमली के बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव की धूम: सुंदरकांड और विशाल भंडारे का होगा आयोजन

भीलवाड़ा। पुरानी धानमण्डी स्थित कसारा बाज़ार के प्रसिद्ध आमली के बालाजी मन्दिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे का भव्य आयोजन रखा गया है।
आमली के बालाजी सेवा समिति के सदस्य लक्ष्मण कसारा ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 1 अप्रैल, बुधवार को सायंकाल 7 बजे से संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन होगा। इस पाठ का वाचन प्रसिद्ध गायक सुधीर पारीक (सांगानेर वाले) द्वारा किया जाएगा। इस दौरान बालाजी महाराज का मनमोहक और विशेष श्रृंगार भी किया जाएगा, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
महाआरती और प्रसादी का कार्यक्रम
उत्सव के दूसरे दिन, 2 अप्रैल गुरुवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5.15 बजे बालाजी महाराज की भव्य महाआरती के साथ होगी। आरती के पश्चात भगवान को भोग लगाकर सभी भक्तों के लिए पंगत प्रसादी (भंडारा) शुरू की जाएगी, जो प्रभु इच्छा तक निरंतर जारी रहेगी।
वर्तमान में सेवा समिति के सभी कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
