आजाद नगर की सांवरिया बस्ती में हनुमान जन्मोत्सव की धूम: महाआरती और भजनों से गुंजायमान हुआ मंदिर

आजाद नगर की सांवरिया बस्ती में हनुमान जन्मोत्सव की धूम: महाआरती और भजनों से गुंजायमान हुआ मंदिर
X

भीलवाड़ा। आजाद नगर स्थित सांवरिया बस्ती में श्री हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। डांगी फैक्ट्री के पीछे स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में रामभक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा।

जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्राचीन हनुमान मंदिर में विशेष सजावट की गई। अलसुबह से ही मंदिर परिसर गेंदे के फूलों और विद्युत लड़ियों से जगमगा उठा। पवनपुत्र हनुमान का विशेष चोला श्रृंगार किया गया, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। दोपहर 12:15 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के पुजारी एवं ट्रस्ट अध्यक्ष श्री रामनिवास जी महाराज के सानिध्य में संकटमोचन की महाआरती उतारी गई। भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की गई।

भक्तिमय प्रस्तुतियाँ और मिल्क केक का आकर्षण

इस दौरान महिला मंडल द्वारा "भोग लगावो बालाजी" जैसे मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। पूरा परिसर "बधाई हो बधाई, अंजनी के लल्ला की" और "जय श्री राम" के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। उत्सव का विशेष आकर्षण मिल्क केक रहा, जिसे पुजारी जी, नन्हे बाल हनुमान और ट्रस्टियों ने मिलकर काटा। इसके पश्चात ढोल-मंजीरों की थाप पर महिला मंडल ने भक्तिमय भजनों से माहौल को राममय कर दिया।

सुंदरकांड पाठ और प्रसाद वितरण

दोपहर बाद श्री सालासर सत्संग समिति द्वारा सुंदरकांड पाठ का सामूहिक आयोजन किया गया। संगीतमय सुंदरकांड की चौपाइयों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर थिरकने लगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट उपाध्यक्ष सांवरिया हरलालका, सचिव संतोष आगाल, कोषाध्यक्ष मनीष डाड, सदस्य संतोष खेतान, राकेश शर्मा, रघुनाथ विश्नोई, पीताम्बर वैष्णाव, सौरभ चौधरी, राजू वैष्णाव, संजय सिंह बल्ला, योगेश गुर्जर, रामनिवास बिशनोई, राघव नाथानी, मुकेश वैष्णाव, दिनेश कुमार सेन और सुमन अग्रवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम में बस्ती से बड़ी संख्या में मातृशक्ति, बुजुर्गों और बच्चों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर धर्म लाभ लिया।

Tags

Next Story