हनुमान जयंती पर हरि शेवा आश्रम बांटेगा 52,100 हनुमान चालीसा

भीलवाड़ा । सनातन धर्म और संस्कृति की अलख जगाने के उद्देश्य से हरि शेवा उदासीन आश्रम द्वारा इस वर्ष हनुमान जयंती पर एक विशाल कीर्तिमान स्थापित किया जा रहा है। आश्रम द्वारा भीलवाड़ा सहित प्रतापगढ़, उदयपुर, सलूम्बर और बारां जैसे जनजाति क्षेत्रों में 52,100 हनुमान चालीसा और 1,001 श्रीरामचरितमानस ग्रंथों का महा-वितरण किया जाएगा।
बच्चों को धर्म से जोड़ने का संकल्प
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने बताया कि आधुनिक युग में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए यह पहल की गई है। आगामी 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर सनातनी परिवारों को ये ग्रंथ भेंट किए जाएंगे। स्वामी जी के अनुसार, हनुमान चालीसा के पाठ से बच्चों में बल और बुद्धि का विकास होगा, जो भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पुनीत कार्य में धर्मप्रेमी दिलीप हरपलानी द्वारा विशेष सेवा प्रदान की गई है।
संत समाज ने सराहा
पंचमुखी दरबार के श्री महंत लक्ष्मण दास त्यागी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रीरामचरितमानस में चार वेदों और पुराणों का सार समाहित है। कार्यक्रम में महंत श्याम सुन्दर दास, महंत बाबुगिरी, महंत संतदास, पंडित सत्यनारायण शर्मा, चाँदमल सोमानी और विनोद झूरानी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संतों का मानना है कि साहित्य के माध्यम से धर्म का यह प्रचार-प्रसार समाज के उत्कर्ष के लिए अनुकरणीय है।
