भीलवाड़ा में होली का उत्साह परवान पर: सोमवार को होगा होलिका दहन, बाजारों में भारी उमंग

भीलवाड़ा। रंगों के महापर्व होली को लेकर वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में उत्साह चरम पर है। सोमवार को शहर भर में धूमधाम के साथ होलिका दहन किया जाएगा। इस बार शहर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर होलिका दहन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कई मंदिरों और मोहल्लों में माघ पूर्णिमा पर ही होली रोपण कर दिया गया था, जबकि शेष स्थानों पर रविवार और सोमवार को विधि-विधान के साथ रोपण प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बाजारों में रौनक, पिचकारी और रंगों की धूम
होली के चलते शहर के मुख्य बाजारों में उत्सव जैसा माहौल है। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बाजार में डिजाइनर और कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारियों के साथ-साथ रंग भरे गुब्बारों की जबरदस्त मांग है। युवा वर्ग टोलियों में निकलकर मुखौटे, वाटर गन और गुलाल की खरीदारी कर रहा है।
पकवानों की तैयारी: किराना दुकानों पर उमड़ी भीड़
त्योहार पर पारंपरिक पकवानों जैसे गुझिया और मालपुआ बनाने के लिए महिलाओं ने मोर्चा संभाल लिया है। इसके चलते किराना दुकानों पर सूजी, मैदा, देशी घी, ड्राई फ्रूट्स और मसालों की बिक्री में भारी उछाल आया है। दुकानदारों के अनुसार, इस बार लोग गुणवत्तापूर्ण सामग्री को प्राथमिकता दे रहे हैं और देर रात तक दुकानों पर ग्राहकों की रेलमपेल बनी हुई है।
कपड़ों के शोरूम में भी अच्छी ग्राहकी
होली पर नए परिधान पहनने की परंपरा के कारण आजाद चौक और मुख्य बाजार के रेडीमेड शोरूम्स में अच्छी भीड़ देखी जा रही है। फैशन ट्रेंड के साथ-साथ लोग आरामदायक सफेद कपड़ों और कुर्ते-पायजामे की मांग अधिक कर रहे हैं। त्योहार की इस रंगत ने स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटा दी है।
प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा के इंतजाम
होलिका दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अग्निशमन दल को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। मोहल्लों में पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया जाएगा, जहां श्रद्धालु सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
