बिजौलिया में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

भीलवाड़ा। बिजौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो बाइक सवारों और दो पैदल राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तिलस्वा मेला देखकर लौट रहे थे युवक
हादसा चांद जी की खेड़ी गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, बेगूं तहसील के उमर और जोगणिया माता गांव के रहने वाले युवक तिलस्वा महादेव के दर्शन करने और वहां लगा मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इनमें से दो युवक बाइक पर थे, जबकि दो अन्य पैदल चल रहे थे।
भीषण टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
एएसआई सत्यनारायण ने बताया कि पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने चारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान एक ने तोड़ा दम, तीन रेफर
हादसे में उमर निवासी सुनील सुथार (पुत्र पप्पू सुथार), सूरज, दिलखुश और दिलीप सिंह भाटी गंभीर रूप से घायल हुए थे। अस्पताल में उपचार के दौरान सुनील सुथार ने दम तोड़ दिया। वहीं, सूरज, दिलखुश और दिलीप सिंह की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने मृतक सुनील के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से ही पीड़ितों के गांव में शोक की लहर है।
