भादू पंचायत में भारी हंगामा: पट्टा विवाद में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच ज़ोरदार भिड़ंत, तालाबंदी खुलवाने पहुंचे अधिकारियों को झेलना पड़ा भारी आक्रोश

मांडल (सोनिया सागर)। मांडल पंचायत समिति की भादू ग्राम पंचायत में पट्टों के आवंटन को लेकर छिड़ा संग्राम शुक्रवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। बीते 26 जनवरी से पंचायत पर ताला जड़कर धरने पर बैठे ग्रामीणों और तालाबंदी खुलवाने पहुंचे प्रशासनिक अमले के बीच तीखी नोकझोंक और 'तू-तू मैं-मैं' ने माहौल को गरमा दिया।
विकास अधिकारी और तहसीलदार उत्तम कुमार जांगिड़ जब भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सीधा आरोप लगाया कि पट्टों के निर्माण में नियमों की धज्जियां उड़ाई गई हैं और अधिकारी अब जाकर रिकॉर्ड के साथ हरकत में आए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वे इस अनियमितता की शिकायत पूर्व में ही जिला कलेक्टर और उपखंड अधिकारी को दे चुके हैं। मौके पर अधिकारियों को ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा, जिससे एक बारगी तो स्थिति अनियंत्रित होती दिखी। फिलहाल प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान जारी है और ग्रामीण दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
