अवैध बजरी खनन से श्मशान घाट और खेतों का रास्ता क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

अवैध बजरी खनन से श्मशान घाट और खेतों का रास्ता क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
X

माण्डल (सोन‍िया सागर)। माण्डल थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुढ़ा और संतोकपुरा के ग्रामीणों ने अवैध बजरी खनन को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने थानाधिकारी को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया कि भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध खनन से न केवल कृषि भूमि को नुकसान पहुँचा है, बल्कि गांव के श्मशान घाट का अस्तित्व भी खतरे में पड़ गया है।

ग्रामीणों द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, गुर्जरों का गुढ़ा निवासी एक व्यक्ति द्वारा कोठारी नदी किनारे स्थित श्मशान घाट और आसपास की कृषि भूमि के पास बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। इस कारण खेतों तक जाने वाला आम रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे किसानों का आवागमन बाधित है और खड़ी फसलों को नुकसान पहुँच रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफियाओं ने श्मशान की संरचना को भी क्षति पहुँचाई है, जिससे उनकी सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब ग्रामीणों ने रास्ता ठीक कराने का आग्रह किया, तो उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी गईं। ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए और श्मशान व रास्ते को पूर्व स्थिति में बहाल कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है।

Next Story