कमल गैस एजेंसी पर केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली, भड़के उपभोक्ता

रायपुर (मुकेश शर्मा)। क्षेत्र के गंगापुर स्थित कमल गैस एजेंसी पर केवाईसी (KYC) के नाम पर अवैध रूप से 180 रुपये वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस अवैध वसूली को लेकर उपभोक्ताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया और उन्होंने एजेंसी पर जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलने पर जब मीडिया की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया। अवैध रूप से राशि एकत्र कर रहा स्टाफ मीडिया को देखते ही काउंटर और टेबल छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा न केवल केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है, बल्कि गैस बुकिंग में भी भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं।
ऑनलाइन भुगतान के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
मौके पर मौजूद आक्रोशित ग्राहकों ने बताया कि ऑनलाइन शुल्क कटने के बावजूद उन्हें समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। डिजिटल ट्रांजैक्शन सफल होने के बाद भी उपभोक्ता एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सर्वर और बुकिंग की समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं को भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीएसओ ने दिए जांच के आदेश
इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए जिला रसद अधिकारी (DSO) भीलवाड़ा, अमरेंद्र मिश्र ने स्पष्ट किया कि केवाईसी के नाम पर किसी भी प्रकार का शुल्क लेना पूरी तरह गलत और नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
